अच्छा खासा है हीमोग्लोबिन
इससे पर्याप्त मात्रा में मिलेगी ऑक्सीजन आपको
कोलेस्ट्राल नियंत्रण में है
और ब्लडप्रेशर भी
बस शुगर हो गई है 148
मेडीकल रिपोर्ट देखते हुए
मुझसे आधी उम्र के डॉक्टर ने कहा
पूछा नहीं उसने
बस दे दीं हिदायतें
नो स्मोकिंग
नो अल्कोहल
तिरेपन के हो गए हैं आप
जॉंगिंग मत करिए, हां पैदल जरूर चलिए
कम से कम चार किलोमीटर रोज
और हां मीठे से कर लीजिए तौबा
पर डायटिंग मना है आपके लिए
*
ऑक्सीजन....मिलेगी तब, जब होगी
अभी तो हम जिंदा हैं जहरीली होती हवा पर
बीड़ी, सिगरेट और धुंए वाली किसी चीज का नशा
किया नहीं अभी तक हमने
पर डॉक्टर
उस ‘स्मोक’ का क्या करें जो न चाहते हुए भी
उस ‘स्मोक’ का क्या करें जो न चाहते हुए भी
जब तब चला आता है फेंफड़ों में
और...अल्कोहल तो केवल
बोतलों में नहीं मिलता डॉक्टर
आंखों में भी होता है और रूप में भी
उससे कैसे बच सकते हैं अपन
रही मीठे से तौबा की बात
तो कड़वे से अपना जन्म जन्म का नाता है
इसीलिए मीठा खाकर मीठा बोलने की जुगत में रहते आए हैं
अब उस पर भी प्रतिबंध !
डायटिंग ! यह किस चिडि़या का नाम है ?
हां भूखे रह जाने को आप डायटिंग कहते हैं
तो कह सकते हैं
पूरा जीवन ही यहां
जॉगिंग करते यानी भागते-दौड़ते बीता है
आप कहते हैं पैदल चला कीजिए
यह कैसे संभव है ?
कुछ भी तो ठीक नहीं है
डॉक्टर
पर आप कहते हैं
तो मान लेता हूं कि
सब कुछ तो ठीक है।
0 राजेश उत्साही
(16 नवम्बर,2011, बंगलौर)